इजराइल और ईरान की जंग में शेयर बाज़ार लहूलुहान, निचले लेवल से रिकवरी, निफ्टी में डाउन ट्रेंड की आशंका

इजरायल द्वारा ईरान पर सैन्य हमले की खबरों के बाद शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। मार्केट की शुरुआत ही भारी गैप-डाउन ओपनिंग के साथ हुई, जहां निफ्टी 350 अंकों से ज्यादा गिरकर 24,500 के स्तर के करीब आ गया। निफ्टी 24,473 पर खुला, जो गुरुवार की क्लोजिंग से 400 अंकों से भी ज्यादा की गिरावट थी। सेंसेक्स भी 1300 अंकों से ज्यादा गिरकर 80,428 पर खुला। 

मार्केट में रिकवरी पर डाउनट्रेंड का डर

हालांकि, शुरुआती गिरावट के बाद बाजार में अच्छी रिकवरी देखी गई है और निफ्टी 24,650 के लेवल से ऊपर आकर ट्रेड कर रहा है। इसके बावजूद, जानकारों का मानना है कि निफ्टी के डाउनट्रेंड की ओर जाने की आशंका बढ़ गई है। 

  • महत्वपूर्ण स्तर: निफ्टी फिलहाल 200 सिंपल मूविंग एवरेज (SMA) से ऊपर कारोबार कर रहा है। निफ्टी के डेली चार्ट पर 200 SMA लगभग 24,000 के स्तर पर है। अगर निफ्टी इस लेवल से नीचे गया, तो उसका डाउनट्रेंड शुरू हो जाएगा।

गिरावट की मुख्य वजह: इजरायल-ईरान तनाव

शुक्रवार सुबह इजरायल द्वारा ईरान पर सैन्य हमले के कारण यह बिकवाली शुरू हुई। इजरायल ने कथित तौर पर तेहरान को परमाणु हथियार विकसित करने से रोकने के लिए " पूर्व-आक्रमण" में परमाणु सुविधाओं, मिसाइल कारखानों और शीर्ष सैन्य कमांडरों को निशाना बनाया। जवाबी मिसाइल और ड्रोन हमलों की आशंका में इजरायल में आपातकाल की स्थिति घोषित कर दी गई है। इस बढ़ते भू- राजनीतिक तनाव का सीधा असर एशियाई बाजारों पर देखा गया, जिसके प्रभाव में भारतीय बाजार भी गिरे। 

सेक्टोरल प्रदर्शन और बाजार पूंजीकरण पर असर

  • सबसे खराब प्रदर्शन: सेक्टोरल मोर्चे पर, निफ्टी ऑयल एंड गैस सबसे खराब प्रदर्शन करने वाला रहा, जिसमें 1.6% की गिरावट आई। महानगर गैस, आईजीएल, बीपीसीएल और आईओसी जैसे शेयरों में नुकसान के कारण इंडेक्स में गिरावट हुई।
  • अन्य सेक्टर: निफ्टी बैंक, आईटी, ऑटो, मेटल और पीएसयू बैंक इंडेक्स में भी 1% से 1.5% की गिरावट दर्ज की गई।
  • बाजार पूंजीकरण में गिरावट: बीएसई पर सूचीबद्ध सभी कंपनियों का बाजार पुंजिकरण ₹5.52 लाख करोड़ घटकर ₹444.06 लाख करोड़ रह गया, जो इस बड़ी गिरावट का सीधा परिणाम है।

डिस्क्लेमर: शेयर बाजार में निवेश जोखिम भरा होता है। यह जानकारी केवल विश्लेषण और शिक्षा के उद्देश्य से दी गई है, निवेश की सलाह नहीं। कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से परामर्श अवश्य करें।