निफ्टी 50 की फार्मा कंपनी में लगातार आ रही है बाइंग, गिरते बाज़ार में भी इस कारण नहीं झुका ₹1.13 लाख करोड़ मार्केट कैप का स्टॉक!
गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार में तेज गिरावट दर्ज की गई, और निफ्टी 25,000 के मनोवैज्ञानिक स्तर से नीचे गिरकर 24,888 पर बंद हुआ। इस बड़ी गिरावट के बावजूद, निफ्टी 50 इंडेक्स की दिग्गज फार्मा कंपनी डॉ. रेड्डीज लैबोरेटरिज लिमिटेड का शेयर अड़ा रहा। गुरुवार को यह 0.88% की बढ़त के साथ ₹1,356.30 पर बंद हुआ, और इसका मार्केट कैप ₹1.13 लाख करोड़ पर बरकरार रहा।
गिरते बाजार में भी डॉ. रेड्डीज़ ने क्यों पकड़ी रफ्तार?
डॉ. रेड्डीज के शेयर प्राइस पिछले एक महीने में 15% की शानदार तेजी दिखा चुके हैं, जो एक लार्जकैप फार्मा के लिए काफी बड़ी बात है। इस तेजी के पीछे की बड़े कारण हैं, जो निवेशकों का हौसला बढ़ा रहे हैं:
- अल्वोटेक के साथ बड़ी साझेदारी: हाल ही में डॉ. रेड्डीज ने अल्वोटेक के साथ एक महत्वपूर्ण सहयोग और लाइसेंस समझौता किया है। इसके तहत, वे कैंसर के उपचार में उपयोग होने वाली इम्यूनो-ऑन्कोलॉजी ड्रग कीट्रूडा (पेम्ब्रोलिज़ुमैब) के बायोसिमिलर को विकसित करेंगे, उसका निर्माण करेंगे और वैश्विक बाजार में लॉन्च करेंगे। कीट्रूडा का बायोसिमिलर बाजार में बड़े अवसर प्रदान कर सकता है। इस खबर के बाद 5 जून 2025 को डॉ. रेड्डीज़ के शेयरों में 4% की तेज़ी देखी गई और यह चार महीने के हाई लेवल पर पहुंच गया। यह साझेदारी कंपनी की बायोसिमिलर पोर्टफोलियो को मजबूत करने और वैश्विक स्तर पर विस्तार करने की रणनीति का हिस्सा है।
- नोमुरा का 'BUY' रेटिंग अपग्रेड: ब्रोकरेज हाउस नोमुरा ने डॉ. रेड्डीज के स्टॉक पर अपना पॉजिटिव व्यू दिया है। नोमुरा ने हाल ही में डॉ. रेड्डीज के शेयरों को 'न्यूट्रल' से 'बाय' रेटिंग में अपग्रेड किया है, और इसका टारगेट प्राइस ₹1,500 से बढ़ाकर ₹1,575 कर दिया है।
- भविष्य की ग्रोथ और लागत प्रबंधन: नोमुरा ने कहा है कि डॉ. रेड्डीज रेवलिमिड के बिना भी डबल डिजिट ग्रोथ हासिल कर सकती है। साथ ही सेमाग्लूटाइड (Semaglutide) जैसे नए प्रोडक्ट्स से भविष्य में मजबूत ग्रोथ की उम्मीद है। इसके अलावा, मैनेजमेंट कॉस्टिंग में 500 बेसिस पॉइंट की कटौती (37% से 32% तक) करने की योजना बना रहा है, जिससे EBITDA मार्जिन 25% पर बना रहेगा। कंपनी का ग्रोथ को लेकर मजबूत प्रोजेक्शन और उसका बिज़नेस प्लान निवेशकों का भरोसा बढ़ा रहा है, जिसका असर डॉ. रेड्डीज़ के शेयर प्राइस पर लगातार देखा जा रहा है।